google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मतदान की ताकत समझेंगे युवा, पाली के स्कूल-कॉलेजों में हुई निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं, चन्द्रिका ने मारी बाजी

पाली : लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान के प्रति जागरूकता जरूरी है। इसी उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग की ओर से चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत मंगलवार को पाली ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाता अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाई।

पाली ब्लॉक स्वीप को-ऑर्डिनेटर अनिल नामा ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पाली के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में मतदाता जागरूकता क्लबों के माध्यम से विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ये गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और भावी मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा उन्हें अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना है।

श्रीमती गुमानबाई पन्नालाल भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय, पाली में मतदाता जागरूकता क्लब के तत्वावधान में ‘मतदान का महत्व’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने विचारों और लेखन के माध्यम से लोकतंत्र में मतदान की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में चन्द्रिका ने प्रथम, किरण ने द्वितीय और दिलखुश बानो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अंकिता प्रथम तथा प्रियंका कंवर द्वितीय स्थान पर रहीं।

ईएलसी क्लब प्रभारी देवीलाल ने बताया कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं को मतदान प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मुकेश पाणेचा, अजय सारस्वत एवं भोजराज रहे।

मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत पाली ब्लॉक के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें श्री बांगड़ राजकीय महाविद्यालय, महात्मा गांधी श्री सुल्तान राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिणगारी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरड़िया एवं सोनाईलाखा सहित कई शिक्षण संस्थान शामिल रहे।

इन संस्थानों में विद्यार्थियों ने निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर मतदान के महत्व को समझा। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने और भविष्य में जिम्मेदार मतदाता बनने का संदेश दिया गया।

कन्या महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रसेन पंवार, सहायक आचार्य महेंद्र कुमार, कुलदीप राकेचा सहित महाविद्यालय के कार्मिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

स्वीप अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास किया गया। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि युवा वर्ग न केवल स्वयं मतदान के महत्व को समझे, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button