20 नवंबर को खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा, मतगणना को लेकर पाली में 189 कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण

पाली : पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 20 नवंबर को होने वाली मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए मंगलवार को जिला परिषद सभागार में मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें कुल 189 कार्मिकों ने भाग लेकर मतगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 63 मतगणना पर्यवेक्षक, 63 मतगणना सहायक प्रथम और 63 मतगणना सहायक द्वितीय शामिल हुए। अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनर्स ने कार्मिकों को मतगणना के दौरान अपनाई जाने वाली निर्धारित प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर गजेन्द्र दवे ने डाक मतपत्रों की मतगणना प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने मतपत्रों की जांच, निर्धारित नियमों के अनुसार उनकी गणना तथा मतगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में प्रशिक्षणार्थियों को समझाया।
वहीं मास्टर ट्रेनर हेमंत दवे ने ईवीएम के माध्यम से मतगणना की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कंट्रोल यूनिट के जरिए मतों की गणना करने के तरीके, मशीन के तकनीकी पहलुओं और मतगणना के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के संबंध में जानकारी दी।

प्रशिक्षण में शामिल सभी कार्मिकों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों से अवगत करवाया गया। मतगणना पर्यवेक्षकों एवं दोनों श्रेणियों के सहायकों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का उद्देश्य है कि 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत त्रुटि नहीं हो तथा पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।



