विहिप का हितचिंतक अभियान आज से शुरू, पाली जिले में 21 हजार लोगों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य

पाली : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से हिंदू समाज के व्यापक संपर्क और संगठन विस्तार के उद्देश्य से 17 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी हितचिंतक अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख पुरोधा एवं हिंदू समाज के संगठन के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष को समर्पित रहेगा। अभियान के माध्यम से देशभर में हिंदू समाज के अधिकाधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और उन्हें धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद जोधपुर प्रांत की ओर से आयोजित इस अभियान के तहत पाली जिले में 21 हजार हितचिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं पूरे भारत में एक करोड़ और जोधपुर प्रांत में 10 लाख लोगों को हितचिंतक के रूप में जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
हितचिंतक अभियान के तहत पाली जिले के सभी प्रखंडों, खंडों और ग्राम स्तर तक विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को संगठन की गतिविधियों, सेवा कार्यों और सामाजिक सरोकारों से परिचित करवाना है।
इसके लिए कॉलेज, विद्यालय, औद्योगिक संस्थानों, कोचिंग सेंटरों, धार्मिक केंद्रों और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा। संगठन के कार्यकर्ता आमजन से संवाद कर उन्हें अभियान से जोड़ेंगे।

इस बार अभियान में डिजिटल तकनीक का भी विशेष उपयोग किया जाएगा। पारंपरिक रसीद बुक के साथ हितचिंतक बनाने के लिए VHP Connect मोबाइल ऐप की सुविधा शुरू की गई है। इस ऐप के माध्यम से कार्यकर्ता कहीं से भी लोगों को डिजिटल तरीके से हितचिंतक बना सकेंगे। इससे सदस्यता अभियान को गति देने और अधिकाधिक लोगों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
अभियान के दौरान हिंदू समाज को विश्व हिंदू परिषद की विभिन्न गतिविधियों और सेवा कार्यों की जानकारी दी जाएगी। इनमें सेवा कार्य, गौरक्षा, सामाजिक समरसता, बहन-बेटियों की सुरक्षा, लव जिहाद के प्रति जागरूकता और धर्म जागरण जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।
संगठन का उद्देश्य समाज को संगठित, संस्कारित, समरस और स्वावलंबी बनाने के प्रयासों को गति देना है। अभियान से जुड़ने वाले हितचिंतकों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद के सभी आयामों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। इसमें बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सभी प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति बनाई गई है।

हितचिंतक अभियान को लेकर आयोजित कार्यक्रम में अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने और अधिकाधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अनिल चौहान, नरेंद्र माछर, बाबूलाल कुमावत, प्रवीण सीरवी, रामसुख पायक, मदन गहलोत, दुर्गेश चौहान, परमेश्वर शर्मा, हरीश सोनी, प्रमोद गौड़, श्रवण भिलवाड़ा, प्रेम लोहानी, कैलाश कुमावत, गणेशराम कुमावत, जितेंद्र रांकावत, कुसुम थावानी, संतोष वैष्णव, निकिता लखारा, प्रियंका माली, रेखा सोलंकी और साक्षी परिहार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



