google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में कल खुलेगा जिला परिषद और पंचायत समिति प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा, 48 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला

पाली : पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शुक्रवार को होने वाली मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को निर्वाचन अधिकारियों ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मतगणना कक्ष, स्ट्रॉन्ग रूम, टेबल व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती सहित निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

मतगणना को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं प्रबंधन से संबंधित तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि मतगणना के दौरान निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी पालना हो और किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।

रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पाली पंचायत समिति क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 17 वार्डों में संपन्न हुए मतदान की मतगणना शुक्रवार को राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में होगी। इस मतगणना के साथ ही कुल 48 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा।

मतगणना कार्य के लिए पाली पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 13 सीयू-सीयू टेबल स्थापित की गई हैं। इन टेबलों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतों की गिनती करवाई जाएगी। मतगणना के दौरान प्रत्येक चरण में निर्वाचन नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

मतगणना कार्य को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए गुरुवार को निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरओ टेबल, स्ट्रॉन्ग रूम प्रभारी, टेबलवार नियुक्त कार्मिक, कंप्यूटर ऑपरेटर, सीलिंग कार्य में लगे कार्मिक, ईवीएम तकनीकी सहायक, सांख्यिकी एवं मीडिया प्रकोष्ठ के कार्मिकों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने सभी कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें। मतगणना के प्रत्येक चरण में सतर्कता एवं सावधानी बरतने के भी निर्देश दिए गए।

मतगणना की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने स्पष्ट किया कि मतगणना प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों सहित अन्य सभी अधिकृत व्यक्तियों को भी इस नियम की पालना करनी होगी।

उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि पूरी मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिणाम घोषित किए जा सकें।

शुक्रवार को होने वाली मतगणना को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें परिणामों पर टिकी हैं। मतों की गिनती पूरी होने के साथ ही पाली पंचायत समिति क्षेत्र के 17 वार्डों से चुनाव मैदान में उतरे 48 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य की तस्वीर साफ हो जाएगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button