पाली : हिंगलाज माता मंदिर विकास को मिलेगी रफ्तार, 20 बीघा भूमि आवंटन के लिए प्रयासरत रहेंगे बाबूलाल बंजारा

पाली : जिले के खारड़ा स्थित हिंगलाज माता मंदिर को विकसित करने के लिए राज्य सरकार से 20 बीघा भूमि आवंटित करवाने के प्रयास किए जाएंगे। यह घोषणा मध्य प्रदेश घुमन्तु विमुक्त एवं अर्ध घुमन्तु विकास बोर्ड के अध्यक्ष (केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) बाबूलाल बंजारा ने सोमवार को खारड़ा स्थित मंदिर प्रांगण में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए की।
उन्होंने कहा कि बंजारा समाज के प्रतिभावान युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए छात्रावास भवन की आवश्यकता है। इस संबंध में राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं स्वायत्त शासन मंत्री स्तर पर चर्चा कर सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने जिला कलेक्टर और तहसीलदार से भी इस मुद्दे पर सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान बाबूलाल बंजारा ने मंदिर में दर्शन कर समाज उत्थान और जनकल्याण की कामना की। संत चेतन गिरी महाराज ने उन्हें पुष्पमाला और साफा पहनाकर आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर समाजबंधुओं ने भी भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। संत चेतन गिरी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने बंजारा समाज को जो मान-सम्मान दिया है, उसके लिए समाज आभार प्रकट करता है।

सभा में पूर्व पार्षद गोविन्द बंजारा, पूर्व सरपंच अब्बाराम भाटी, शांतिगिरी जी महाराज सहित कई वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में चारों मंडलों – सवानची, जोधपुर, मारवाड़ और गोडवाड़ – के वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति रही।




