ढालोप धुणी पर मेघवाल समाज की ऐतिहासिक एकजुटता, 360 गाँवों से उमड़े हजारों बंधु, एक ट्रस्ट–एक मेला के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति

पाली जिले की देसूरी तहसील के ढालोप ग्राम स्थित श्री रघुनाथ पिर महाराज की पावन धुणी पर रविवार को मेघवाल समाज का ऐतिहासिक सामाजिक सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें 360 गाँवों से हजारों समाजबंधु एकत्रित हुए और सामाजिक एकता एवं संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता मुन्नालाल मैंसन (अध्यक्ष: श्री रघुनाथ पिर धुणी एवं मेघवाल समाज महासभा विकास न्यास ट्रस्ट, ढालोप) ने की।
सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि— एक ट्रस्ट, एक मेला और धुणी विकास को लेकर सभी समाजजन मिलकर कार्य करेंगे। समाज की एकता और अखंडता को और मजबूत करने के लिए हर स्तर पर सहयोग करेंगे।

सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कड़ेला ने बताया कि सम्मेलन में गुजरात, महाराष्ट्र, जालौर, राजसमंद, जोधपुर, सिरोही, सुमेरपुर, बाली, सादड़ी, पाली, मारवाड़, सोजत, रायपुर, जैतारण सहित विभिन्न क्षेत्रों से समाजबंधु पहुंचे और तन-मन-धन से सहयोग का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजना आगरी ने भी शिरकत की और मेघवाल समाज की एकजुटता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
सभा का समापन श्री रघुनाथ पिर महाराज के जयकारों के साथ किया गया। तत्पश्चात सभी ने महाप्रसादी का आनंद लिया और सामूहिक रूप से चांदा पर्चा धाम के दर्शन कर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कार्यक्रम का मंच संचालन लाखराम पालीवाल ने किया। इस अवसर पर सचिव श्रीपाल जुणा, कोषाध्यक्ष मगाराम सोनल सिवास, महासचिव रूपाराम भीटवाड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन में हजारों की संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया और इसे मेघवाल समाज की अब तक की सबसे बड़ी एकजुटता माना गया।



