
पाली : अरावली पर्वतमाला की गोद में स्थित पवित्र परशुराम महादेव मंदिर में मंगलवार को आस्था और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर, राजस्थान के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने बाबा परशुराम महादेव के दर्शन कर प्रदेश की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। राज्यपाल माथुर ने मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। तीनों नेताओं ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख-समृद्धि और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि परशुराम महादेव मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत है। दर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, पूर्व सांसद पुष्प जैन, मारवाड़ के विधायक केसाराम चौधरी, पूनम सिंह परमार, अनूपम सिंह, शिवराज सिंह बिठिया, महेंद्र माली, हड़मत सिंह, रविकांत, शंकर सिंह काकू, नरेश ओझा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पुजारीगण और श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।



