ऑनलाइन ई-चालान में गड़बड़ी, शिकायतों पर महीनों बाद भी नहीं हो रहा निस्तारण
वाहन मालिकों में बढ़ा आक्रोश, विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल

पाली : परिवहन विभाग व यातायात विभाग की ओर से बनाए गए ई-चालान सिस्टम में तकनीकी खामियों के कारण वाहन मालिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन मालिकों का कहना है कि ऑनलाइन पेमेंट करने के बावजूद चालान “अनपेड” दिखता है और विभागीय वेबसाइट पर दर्ज की गई शिकायतों का महीनों तक कोई समाधान नहीं होता।
यही नहीं, कई मामलों में एक ही तारीख व समय पर दो-दो चालान, 2-व्हीलर पर 4-व्हीलर का चालान, डबल पेमेंट, डुप्लीकेट नंबर प्लेट, एविडेंस उपलब्ध नहीं जैसे मुद्दे सामने आ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन ई-टिकट जनरेट होने के बाद भी विभाग से कोई जवाब नहीं मिलता। इससे वाहन मालिकों में ऑनलाइन व्यवस्था के प्रति अविश्वास बढ़ रहा है।
अशोक कुमावत (ऑनलाइन शिकायतकर्ता): “मेरी कार पर एक ही समय पर दो चालान बने। एक जमा हो गया लेकिन दूसरा गलती से बना चालान अब तक निस्तारित नहीं हुआ। ऑनलाइन और लिखित शिकायत के बावजूद विभाग ने कोई समाधान नहीं किया।”

देवेन्द्र कुमार (वाहन मालिक): “मैंने चालान का ऑनलाइन भुगतान किया, फिर भी ‘अनपेड’ दिखा रहा था। मजबूरी में मुझे दोबारा पेमेंट करना पड़ा, तब जाकर चालान निस्तारित हुआ।”

अशोक गहलोत (एडवोकेट, सोजत): “ऑनलाइन शिकायतों का त्वरित समाधान होना चाहिए ताकि व्यवस्था पर आमजन का विश्वास कायम रहे।”
दशरथ सिंह चारण (अध्यक्ष, बार एसोसिएशन सोजत): “विभाग को समय-समय पर सेमिनार आयोजित कर जागरूकता बढ़ानी चाहिए और ऑनलाइन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करना चाहिए।”
वाहन मालिकों का कहना है कि विभाग ऑनलाइन चालान बनाने और भुगतान स्वीकार करने में तो तत्पर है, लेकिन शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से नहीं करता। यदि यह स्थिति बनी रही तो ‘डिजिटल व्यवस्था’ पर सवाल उठना लाजमी है।



