राष्ट्रपति अवार्ड समारोह में पाली का डंका, रोवर विशाल-जगदीश को सम्मान और स्काउट गाइड बैंड को पहली बार मिलेगा मंच
नई दिल्ली में 31 अगस्त को भारत मंडपम में होगा भव्य आयोजन, केंद्रीय गृहमंत्री होंगे मुख्य अतिथि

पाली : जिले के लिए गौरव का क्षण आ गया है। भारत स्काउट गाइड जिला पाली के रोवर जगदीश प्रसाद मीणा और विशाल को आगामी 31 अगस्त को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले राष्ट्रपति अवार्ड समारोह में राष्ट्रपति अवार्ड प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इस समारोह में देश के गृहमंत्री मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अन्य केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

पाली जिले का नाम रोशन करते हुए चंद्राज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोजत रोड का स्काउट गाइड बैंड भी इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रस्तुति देगा। बैंड को गार्ड ऑफ ऑनर, राष्ट्रगान, जनरल सैल्यूट और विभिन्न फॉर्मेशन की प्रस्तुति के लिए चुना गया है। यह पहली बार है जब जिले के बैंड को राष्ट्रपति अवार्ड समारोह में आमंत्रित किया गया है।

यह वही बैंड है जिसने त्रिची (तमिलनाडु) में जनवरी 2025 में आयोजित डायमंड जुबली जंबूरी और पाली रोहट में 2023 की राष्ट्रीय जंबूरी में राष्ट्र स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया था। प्रधानाचार्य आलोक शर्मा के निर्देशन में 24 सदस्यीय दल 30 अगस्त की रात दिल्ली के लिए रवाना होगा। समारोह में विद्यालय के 14 स्काउट और 7 गाइड विशेष प्रस्तुति देंगे।

जिले की इस उपलब्धि पर स्काउट गाइड जिला अध्यक्ष महेंद्र बोहरा, सहायक स्टेट कमिश्नर नूतन बाला कपिला, सीओ स्काउट गोविंद मीणा, सीओ गाइड निशु कंवर, जिला प्रशिक्षण आयुक्त प्रकाश चंद्र सिंघाड़िया सहित कई पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बधाई दी। सभी ने इसे पाली जिले की ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए रोवर और बैंड टीम को शुभकामनाएं दीं।



