
पाली। संवत्सरी पर्व के अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेशभर में बूचड़खाने एवं मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने के आदेश का जैन समाज ने स्वागत किया है। पाली की सर्वाेच्च संस्था श्री संघ सभा ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
संघ प्रतिनिधियों ने कहा कि इस निर्णय से जैन समाज अपने सर्वोच्च पर्व संवत्सरी को शांति, श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ मना सका। यह कदम न केवल जैन समुदाय की भावनाओं का सम्मान है, बल्कि सम्पूर्ण समाज में सद्भाव, अहिंसा और सौहार्द का संदेश देने वाला भी है।
संवत्सरी पर्व जैन धर्म में आत्मशुद्धि, क्षमायाचना और अहिंसा का प्रतीक माना जाता है। सरकार का आदेश पर्व की महत्ता को और अधिक सार्थक बना गया। इस अवसर पर श्री संघ सभा के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



