पाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12 लाख की अंग्रेजी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

पाली : पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12 लाख रुपये मूल्य की 107 कर्टन राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो शराब को गुजरात सप्लाई करने की फिराक में था।
कार्यवाहक एसपी विपिन कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार रात सुमेरपुर थाना पुलिस ने थानाप्रभारी रविन्द्र सिंह खिंची के नेतृत्व में सिंह द्वार के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रुकवाया गया। तलाशी लेने पर ट्रक में भरे वेस्ट बारदान के नीचे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छुपाई हुई मिली।

पुलिस ने मौके से ट्रक ड्राइवर रसूल खान (27) पुत्र सुल्तान खान मोयल निवासी तिंवरी, मथानिया, जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह शराब कहां से लाया और कहां सप्लाई करने जा रहा था।
गुजरात में शराबबंदी लागू होने के कारण तस्कर अक्सर राजस्थान से शराब की तस्करी करने की कोशिश करते हैं। लेकिन पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी खेप पकड़ में आई है, जिससे तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।



