google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में गूंजे “नबी की आमद मरहबा” के नारे, शहरभर में निकली भव्य शोभायात्रा

पाली : पाली शहर में पैग़म्बर हज़रत मोहम्मद (स.अ.व.) के 1500वें जन्मोत्सव के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का जुलूस बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ निकाला गया। “नबी की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा” के नारों से गूंजते बैंड-बाजों के साथ जुलूस ने पूरे शहर का माहौल जश्न-ए-मिलाद में बदल दिया।

सुबह से ही नाड़ी मोहल्ला में मुस्लिम समाज के लोग ट्रैक्टर, जीप और बाइकों पर सवार होकर जुटे। जुलूस की शुरुआत से पहले मुफ़्ती ज़ाकिर हुसैन नईमी (उत्तरप्रदेश) ने तकरीर पेश कर कहा कि हज़रत मोहम्मद साहब समस्त इंसानियत के लिए रहमत हैं। उन्होंने पूरी दुनिया को अमन, बराबरी और गरीबों की हिमायत का संदेश दिया, महिलाओं को उनके हक दिलाए और सामाजिक बुराइयों को मिटाकर एक मुकम्मल जीवन प्रणाली दी।

कार्यक्रम में सजावट और झांकियों का विशेष आकर्षण रहा। मोहल्ला सजावट में जंगीवाड़ा चौक प्रथम, सिपाहियों का बास द्वितीय और छिपो का हेटला बास तृतीय स्थान पर रहे। झांकी प्रतियोगिता में इंदिरा कॉलोनी एवं खरादियों की गली ने प्रथम, बुसी गली ने द्वितीय और अरान अली डायर नाड़ी मोहल्ला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मकान सजावट में अबरार हुसैन प्यारा चौक को सम्मानित किया गया। विजेताओं को अंजुमन सीरतुन्नबी के सदर हाजी मोहम्मद रफिक गौरी ने शील्ड व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

जुलूस नाड़ी मोहल्ला मिलाद चौक से रवाना होकर केरिया दरवाजा, बादशाह का झंडा, जंगीवाड़ा, नवलखा रोड, प्यारा चौक, रुई कटला, उदयपुरिया बाजार, सर्राफा बाजार से होता हुआ पुनः नाड़ी मोहल्ला पहुंचकर सम्पन्न हुआ। जुलूस का जगह-जगह सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया। विशेष रूप से सर्राफा बाजार में हिन्दू समुदाय के पाली अधिकमास परिक्रमा संघ ने स्वागत कर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

पूरे आयोजन की व्यवस्थाएं अंजुमन सीरतुन्नबी कमेटी और मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने संभाली। इस अवसर पर सदर हाजी मोहम्मद रफिक गौरी, विधायक भीमराज भाटी, हकीम भाई, सैय्यद रमज़ान सर, आमीन अली रंगरेज़, इंसाफ सोलंकी, यूसुफ असरफी, शकील अहमद नागोरी, इस्माइल खान छिपा, फरीद खान छिपा, नजीर खान सिंधी, हसन भाटी, हाजी इसराइल खत्री, जावेद जिलानी सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button