google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : शिक्षक दिवस पर सम्मानित हुए शिक्षक व भामाशाह, शिक्षा व समाज निर्माण में योगदान को मिली पहचान

पाली : शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पीएम श्री बांगड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाली में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह और भामाशाह/प्रेरक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने कहा कि शिक्षक ही देश व समाज निर्माण की नींव हैं। वे अपने ज्ञान और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देते हैं और राष्ट्र को प्रगति की ओर अग्रसर करते हैं। इस अवसर पर पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा ने भी शिक्षकों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला।

समारोह में शिक्षकों को राज्य और जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। राज्य स्तर पर 1 शिक्षक को ₹21 हजार नकद और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। जिला स्तर पर 3 शिक्षकों को ₹11-11 हजार नकद, शॉल, साफा, श्रीफल और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। चयन शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता, अनुभव और प्रदर्शन के आधार पर किया गया।

निदेशालय प्रारम्भिक शिक्षा बीकानेर के निर्देशानुसार आयोजित इस समारोह में जिलेभर से आए भामाशाहों और प्रेरकों को समाज और शिक्षा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सुनील भंडारी ने कहा – “धन तो कई लोग कमाते हैं, लेकिन समाज और शिक्षा के लिए दान देना सबसे बड़ी सेवा है। आने वाली पीढ़ियां भी इन योगदानों को याद रखेंगी।”

जिला शिक्षा अधिकारी राहुल कुमार राजपुरोहित ने भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से शिक्षा मंदिर और मजबूत बनते हैं और यह सम्मान पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। समारोह में अतिथियों ने पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और “पेड़ लगाओ, पानी बचाओ, पॉलिथीन हटाओ” का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी व शहर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button