google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जिला प्रभारी सचिव अश्विनी भगत ने पाली में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का किया व्यापक निरीक्षण, जल प्रबंधन के लिए दिए अहम निर्देश

पाली : जिला प्रभारी सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्विनी भगत ने रविवार को पाली शहर में बढ़ते जलभराव की समस्या का गंभीरता से आकलन करने हेतु विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने जवाई बांध, सोजत सहित शहर के प्रमुख जलभराव क्षेत्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए।

इससे पहले सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में भगत ने प्रमुख विभागों – यूआईटी, नगर निगम, पीएचईडी, जल संसाधन विभाग, वाटरशेड विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पाली शहर में जलभराव जैसी समस्या से निपटने के लिए शॉर्ट टर्म प्लान के साथ-साथ लॉन्ग टर्म प्लान भी तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे छोटे छोटे कार्यों से लेकर बड़े सुधार कार्यों की योजनाएं तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इस दिशा में सभी संबंधित विभागों को जिला कलक्टर के माध्यम से आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया गया।

विशेष रूप से नया गांव पुलिया के समीप बहत्तर फुट बालाजी क्षेत्र में जलभराव की गंभीर स्थिति का निरीक्षण करते हुए भगत ने अधिकारियों को स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर तत्काल राहत कार्य प्रारंभ करने और भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस उपाय सुझाने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिला प्रभारी सचिव ने जवाई बांध का भी निरीक्षण किया और जल स्तर की स्थिति पर विचार विमर्श कर जल संसाधन विभाग को बांध की सतत निगरानी व रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोजत क्षेत्र में भी जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय प्रशासन को जल निकासी के उचित इंतजाम करने हेतु आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, यूआईटी एक्सईएन विकास लेघा, उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक रज्जाक अली, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक जेपी अरोड़ा, पुलिस प्रशासन व जल संसाधन विभाग के एसई रामनारायण चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button