पाली : जय हिंगलाज माता मंदिर में बंजारा समाज का भव्य चातुर्मास समापन यज्ञ, समाज के प्रतिभावान रत्नों का सम्मान किया गया

पाली : जोधपुर रोड स्थित जय हिंगलाज माता मंदिर में रविवार को संत श्री श्री 1008 महंत चेतनगिरी महाराज सहित प्रमुख संतों की उपस्थिति में भव्य चातुर्मास यज्ञ पूर्णाहुति समारोह संपन्न हुआ। यह आयोजन राजस्थान बंजारा समाज के चारों मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया।
समारोह में बंजारा समाज के गौरवशाली छात्र-छात्राएं, खेल क्षेत्र की प्रतिभाएं, सरकारी सेवाओं में नियुक्त नवकार्मिक, नव पदोन्नत अधिकारी तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज रत्नों का विशेष सम्मान किया गया। इनके योगदान को सराहते हुए साफा-माला, शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान चारों मंडलों के वरिष्ठ जनों की आम सहमति से नवगठित ट्रस्ट के प्रमुख पदों पर नियुक्ति की घोषणा भी की गई। महंत चेतनगिरी महाराज ने कहा कि बंजारा समाज का गौरवशाली इतिहास समाज की युवाओं में जागरूकता व सामाजिक योगदान की प्रेरणा देता रहेगा।
पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष गोपीनाथ मुण्डे, गोविन्द अण्णाजी केंदे, राहुल जाघवर, प्रफुल्ल कुमार बंजारी, सुधाकर मुण्डे सहित भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी सेठाराम बंजारा, बल मामा गीते सहित अनेक गणमान्यजन ने समाज के गौरव रत्नों का अभिनंदन करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
संत विसम्भर गिरी महाराज, संत शांतिगिरी महाराज, हरीश गिरी महाराज, हनुमान गिरी महाराज, गोपाराम महाराज सहित अन्य संतों ने समाज के धर्मिक एकता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी पर विशेष बल दिया।

चातुर्मास यज्ञ के समापन अवसर पर प्रवासी समाजबंधुओं ने आहुति देते हुए कहा कि पाली की मिट्टी उनके दिल के करीब है और वे इसे सदा अपने साथ ले जाएंगे। युवाओं और महिलाओं की विशेष उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी सशक्त एवं प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन चंदन सिंह राजपुरोहित व हुकमा राम आर्य ने किया। समाज की विभिन्न कमेटियों के सदस्यों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ सेवा-सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।



