google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक: कलक्टर मंत्री ने बरसात प्रभावित सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाओं, और अभियान तैयारियों पर दिए सख्त निर्देश

पाली : जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को पाली कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में गत सप्ताह की विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया और आगामी कार्यक्रमों व अभियानों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने विशेष रूप से सिविल सेवा टूर्नामेंट और ‘गांव चलो, शहर चलो अभियान’ की तैयारियों पर गहन चर्चा करते हुए कहा कि इन आयोजनों के सफल आयोजन के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। इसके अलावा, बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग को मानसून के बाद बढ़ने वाली बीमारियों की रोकथाम हेतु आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पीएचईडी द्वारा पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच करने और बांगड़ चिकित्सालय में रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में फसल कटाई, गिरदावरी कार्यों का आकलन, क्षतिग्रस्त सरकारी भवनों का पुनरावलोकन, ‘कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान’, महिला अधिकारिता विभाग की लाडो प्रोत्साहन योजना तथा सहकार सदस्यता अभियान की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया।

इसके अतिरिक्त, यूआईटी व नगर निगम के निर्माण कार्यों, कृषि एवं बागवानी विभाग की योजनाओं, हरियालो राजस्थान अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण कार्यों की समीक्षा भी की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की पालनहार योजना, छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया, माइनिंग गतिविधियों, शिक्षा विभाग की योजनाएं, पशुपालन योजनाएं व अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की गति भी परखी गई।

जिला कलक्टर ने यह स्पष्ट निर्देश दिए कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायत प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागीय प्रमुखों को प्रकरणों के निष्पादन में तेजी लाने एवं जनहित की उच्चतम प्राथमिकता देने को कहा गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग अश्विन के. पंवार, यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना, उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button