
पाली : जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक महिला के निजी बस में सफर करते समय उसके लाखों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए। मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए बहुमूल्य गहने भी बरामद किए हैं।
कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि यह घटना 8 अप्रैल 2025 की है, जब शिवपुरा थाना क्षेत्र के सडारडा गांव निवासी तारादेवी पत्नी लक्ष्मण जाट पुणे से पाली आ रही थीं। महिला ने बताया कि बस से उतरने पर पाली बस स्टैंड के पास अपने बैग की जांच की, तो उसमें रखे सोने-चांदी के गहने गायब पाए। तत्काल कोतवाली थाने जाकर मामला दर्ज करवाया गया।
पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए बस में चढ़ने और उतरने वाले सभी यात्रियों का डाटा खंगाला और सीसीटीवी फुटेज भी हासिल किए। विस्तृत जांच में पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद अहम सुराग हाथ लगाए। जांच के क्रम में गुजरात के नडियाद क्षेत्र के दो संदिग्धों – करण (23 वर्ष) पुत्र कन्नू भाई और विशाल उर्फ उन्देडी (21 वर्ष) पुत्र पुरुषोत्तम भाई को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के गहनों को बरामद किया, जो कथित तौर पर पीड़िता के बैग से चुराए गए थे।
पुलिस टीम में ASI चेनाराम, कॉन्स्टेबल जितेन्द्र बागौरा, महेश कुमार, प्रेमसुख व खीयाराम ने सक्रिय भूमिका निभाई। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके और मामले में शामिल अन्य संदिग्धों तक पहुंच बनाई जा सके।



