देश का पहला यूज एंड थ्रो फ्री सरकारी कार्यालय बना पाली जिला कलक्टर कार्यालय

पाली : जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की दूरदर्शी पहल के तहत पाली जिला कलक्टर कार्यालय ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। अब यह कार्यालय देश का पहला ऐसा सरकारी कार्यालय बन चुका है, जहां स्वैच्छिक रूप से यूज एंड थ्रो प्लास्टिक आइटम्स जैसे पेन, प्लास्टिक बोतलें, डिस्पोजेबल कप आदि का प्रयोग पूरी तरह से त्यागने का संकल्प लिया गया है। इस अभिनव कदम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नया उदाहरण स्थापित किया गया है।
जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने बताया कि यह मुहिम ‘रामसेतु की गिलहरी’ कार्यक्रम के तहत प्रारंभ की गई है। त्रेता युग की गिलहरी की प्रेरणा से प्रेरित होकर यह संदेश दिया गया है कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ी बदलाव की नींव रखते हैं। इस पहल का उद्देश्य यूज एंड थ्रो प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से उत्पन्न पर्यावरणीय संकट को रोकना और हर व्यक्ति को इस दिशा में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित करना है।

जिला कलक्टर मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ चर्चा करते हुए कहा कि अब जिला कलक्टर कार्यालय में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी 51 दिन तक पूरी तरह से यूज एंड थ्रो प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे। इसके लिए सभी ने संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर किए। यह संकल्प तीन मुख्य बिंदुओं पर आधारित है:यूज एंड थ्रो पेन का प्रयोग नहीं करना। डिस्पोजेबल कप का प्रयोग त्यागना। प्लास्टिक बोतल का प्रयोग नहीं करना।
जिला प्रशासन ने इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए विशेष टीम का गठन भी किया है। इस संकल्प को अपनाने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों को एक ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा, जिसमें उनका फोटो और चयनित संकल्प अवधि (51 दिन, एक वर्ष या आजीवन) भी अंकित होगी।
इस पहल को लेकर जिला कलक्टर कार्यालय में अधिकारीगण में व्यापक उत्साह देखने को मिला। एडीएम डॉ. बजरंग सिंह, एडीएम अश्विनी के पंवार, प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, सीईओ मुकेश चौधरी सहित समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



