google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : राज्य पुरस्कार गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ

130 स्काउट गाइड विविध विधाओं में पारंगत हो रहे, राज्यपाल अवार्ड हेतु कठोर प्रशिक्षण जारी

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय पाली के नेतृत्व में राज्यपाल अवार्ड गाइड हेतु विशेष पाँच दिवसीय राज्य पुरस्कार गाइड आवासीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर दिनांक 10 सितंबर से 14 सितंबर तक जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी, पाली में आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 130 प्रतिभाशाली स्काउट गाइड भाग ले रही हैं, जो अपने आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और विविध जीवन कौशल में पारंगत बनेंगी।

सी ओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि यह प्रशिक्षण राज्य पुरस्कार पाठ्यक्रम के तहत आयोजित किया गया है, जिसमें प्राथमिक चिकित्सा, झंडा गीत, राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज की महत्ता, आपदा प्रबंधन, गांठें बनाना, गैजेट निर्माण, विपरीत परिस्थितियों में जीविकोपार्जन की कला, रात्रिकालीन कैंप में पहरेदारी व सुरक्षा, कैंप फायर, सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे विविध महत्वपूर्ण विषयों पर गाइडों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

सी ओ स्काउट गोविन्द मीना ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य गाइडों को हर परिस्थिति में आत्मनिर्भर बनाना, उनके मानसिक एवं शारीरिक विकास को सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण पूरी तरह से व्यवहारिक आधारित है, ताकि स्काउट गाइड हर आपदा एवं विपरीत परिस्थिति में सही निर्णय ले सकें। प्रशिक्षण के बाद अक्टूबर माह में तीन दिवसीय जांच शिविर का आयोजन होगा, जिसमें सफलतापूर्वक पूरा करने वाले गाइडों को महामहिम राज्यपाल द्वारा राज्य पुरस्कार अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

राज्य पुरस्कार प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया कि छात्रा को न्यूनतम 10 वर्ष 03 माह की आयु में गाइड प्रवेश संस्कार दिया जाता है। इसके बाद 06 माह में द्वितीय सोपान, फिर 06 माह पश्चात तृतीय सोपान प्रमाण पत्र दिया जाता है। तृतीय सोपान पूरा कर 09 माह सेवा काल की अवधि पूरी करने पर राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण व जांच शिविर में उत्तीर्ण होकर राज्य पुरस्कार अवार्ड प्राप्त किया जाता है। इसके बाद एक वर्ष सेवा काल के पश्चात राष्ट्रपति पुरस्कार हेतु योग्यता प्राप्त होती है।

इस प्रशिक्षण शिविर में उर्मिला यति, नसीम बानो, अलका टाक, कमलेशी मीणा, खुशबू, विश्वा, सुमित्रा सहित अन्य प्रशिक्षकों द्वारा अत्याधुनिक प्रशिक्षण एवं सेवा प्रदान की जा रही है। इस अनूठी पहल से स्काउट गाइडों का सशक्तिकरण एवं उनकी सेवा भावना को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यह अभियान युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने, राष्ट्रीय सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जीवन में आत्मनिर्भरता विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button