google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

13 से 15 सितम्बर तक बांगड़ स्टेडियम व अन्य मैदानों पर 52 टीमों के बीच बॉस्केटबॉल व वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं

पाली : राजस्थान राज्य स्तर पर खेलकूद के माध्यम से सिविल सेवा कर्मियों में प्रतियोगिता भावना व टीम भावना का विकास करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली 10वीं राज्य अंतरजिला सिविल सेवा बॉस्केटबॉल पुरुष एवं 9वीं राज्य अंतरजिला सिविल सेवा वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने आज गुरूवार को जिला कलक्टर कार्यालय में अंतिम समीक्षा बैठक की।

जिला कलक्टर मंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिये प्रत्येक तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को पानी, बिजली, आवास, मेडिकल, भोजन, सुरक्षा व्यवस्था, मैच रैफरी, नियंत्रण कक्ष, मैदानों की स्थिति, खेल सामग्री, झंडे, NCC व स्काउट एंड गाइड व्यवस्था, परिवहन, साफ-सफाई, रसद, चिकित्सा सेवा सहित समस्त व्यवस्थाओं का प्रभार सौंपा गया।

मुख्य उद्घाटन समारोह का भव्य शुभारंभ 13 सितम्बर को प्रातः 9 बजे बांगड़ स्टेडियम में सांसद पी.पी. चौधरी द्वारा किया जाएगा। संभागीय आयुक्त व अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधिगण भी उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहेंगे। 15 सितम्बर को आयोजन का समापन समारोह उसी स्थान पर आयोजित किया जाएगा। इस बार प्रतियोगिता में 32 जिलों की 52 टीमें भाग लेंगी, जिनमें 25 वॉलीबॉल और 27 बास्केटबॉल टीमें शामिल हैं। दो दिवसीय मैच आयोजन व्यवस्था के तहत प्रत्येक दिन प्रथम व द्वितीय पारी में मैच आयोजित होंगे। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए नौ अलग-अलग स्थानों पर आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मैच आयोजन स्थल के तौर पर बांगड़ स्टेडियम के अलावा पीएमश्री बांगड़ विद्यालय, रेनबो स्कूल, खेल संकुल और बांगड़ कॉलेज का चयन किया गया है। प्रतियोगिता के सुचारू संचालन हेतु कुल 33 प्रकोष्ठ बनाए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से नोडल अधिकारी के तौर पर एडीएम डॉ. बजरंग सिंह को नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, आवास, परिवहन, चिकित्सा, रसद व साफ-सफाई आदि के प्रभारी अधिकारी भी निश्चित किए गए हैं।

जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने प्रकोष्ठवार कार्यभार को पूर्ण रूप से निर्वहन करें ताकि प्रतियोगिता का आयोजन त्रुटिरहित व गरिमामय ढंग से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि समाज में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। इस अवसर पर एडीएम डॉ. बजरंग सिंह, एडीएम सिलिंग अश्विनी के पंवार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, चेतन मोबारसा, खेल अधिकारी, परिवहन विभाग, चिकित्सा विभाग व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button