उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने प्रदान किया हिंदी सेवा पुरस्कार

पाली : राजस्थान सरकार के भाषा एवं पुस्तकालय विभाग की ओर से हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य राज्य स्तरीय समारोह में पाली के राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ अनुपम चतुर्वेदी एवं डॉ दीप्ति चतुर्वेदी को उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने संयुक्त रूप से हिंदी सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया।
यह सम्मान उन्हें उनकी पुस्तक ‘भारतीय राजनीतिक व्यवस्था’ के उत्कृष्ट लेखन के लिए प्रदान किया गया। संविधान एवं विधि श्रेणी में दोनों विद्वानों को सम्मान स्वरूप ₹50,000 नकद राशि, पारंपरिक शॉल एवं श्रीफल भेंट कर पुरस्कृत किया गया।

उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने समारोह में दोनों लेखकों को उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि हिंदी भाषा में गुणवत्तापूर्ण लेखन से देश की लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति जनमानस में जागरूकता और समझ विकसित होगी। साथ ही, उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में अनुसंधान को प्रोत्साहित करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर समारोह में वरिष्ठ अधिकारीगण, लेखक वर्ग, विद्वानजन, शिक्षाविद्, लेखक एवं साहित्यकार मौजूद रहे। पुरस्कार वितरण समारोह में दोनों लेखकों ने अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पित होकर हिंदी भाषा में उत्कृष्ट शोध व लेखन कार्य करने की प्रेरणा देगा। राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय पाली के प्राचार्य, संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी वर्ग ने इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।
यह पुरस्कार हिंदी भाषा के संवर्धन व राष्ट्रीय साहित्यिक योगदान के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में याद किया जाएगा।



