
पाली : राजस्थान राज्य अंतरजिला 10वीं सिविल सेवा बॉस्केटबॉल पुरुष एवं 9वीं सिविल सेवा वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य समापन आज सोमवार को बांगड़ स्टेडियम, पाली में आयोजित हुआ। पांच दिन तक चले रोमांचक मुकाबलों के समापन पर वॉलीबॉल में उदयपुर जिला विजेता बना, जबकि बॉस्केटबॉल में बाड़मेर जिला ने खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं विधायक पुष्पेन्द्र सिंह ने किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मारवाड़ क्षेत्र की विशेषता है अतिथि सत्कार और खेलों के माध्यम से टीम भावना, अनुशासन व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई दी और खेलों के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।

जिला कलक्टर एलएन मंत्री ने आयोजन को सफल बनाने में किए गए प्रयासों की जानकारी दी और आयोजन की व्यापक रूपरेखा व व्यवस्थाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी सहयोगियों व खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने प्रतियोगिता के आयोजन का महत्व बताते हुए खेलों के माध्यम से युवाओं को अनुशासित, प्रेरित और देशभक्ति से ओतप्रोत करने पर बल दिया।

कार्यक्रम में भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। समापन पर राष्ट्रीय ध्वज का अवतरण कर प्रतियोगिता का औपचारिक समापन किया गया। साथ ही विशेष सहयोग हेतु विभिन्न भामाशाहों, समाजसेवियों एवं शिक्षण संस्थानों को सम्मानित किया गया। प्रमुख सहयोगियों में शामिल थे – सी.ई.टी.पी. अशोक लोढ़ा, समाजसेवी अमर चन्द समदड़िया, डिस्ट्रीक्ट क्लब सचिव पुनित मुथा, मंगलाराम चौधरी (बाड़सा रिसोर्ट सुमेरपुर रोड), अग्रसेन वाटिका, माहेश्वरी समाज, शिव गौरी वाटिका सहित अन्य प्रतिष्ठित समाजिक संस्थाएं।

फाइनल मुकाबलों में
वॉलीबॉल: उदयपुर ने भीलवाड़ा को रोमांचक मुकाबले में हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
बॉस्केटबॉल: बाड़मेर ने पाली को मात देकर खिताब पर कब्ज़ा जमाया।

पुरस्कार वितरण समारोह में
विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मैडल प्रदान किए गए। इस अवसर पर पाली विधायक भीमराज भाटी, सुनील भंडारी, अतिरिक्त जिला कलक्टर अश्विनी पंवार, प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, यूआईटी सचिव डॉ पूजा सक्सेना, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, जयपुर मालती चौहान सहित अनेक अधिकारी, खिलाड़ी व गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस आयोजन ने जिले में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर किया और आने वाले समय में युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।




