google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद देशभर में करेगा 7500+ रक्तदान शिविरों का आयोजन

पाली : अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) ने ‘रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0’ के अंतर्गत 17 सितंबर 2025 को देशव्यापी मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (MBDD) का आयोजन करने की घोषणा की है। यह अभियान संगठन के 61वें स्थापना दिवस पर मानवता सेवा और देशवासियों की मदद करने की भावना के तहत आयोजित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश डागा व राष्ट्रीय प्रभारी हितेश भांडिया ने बताया कि अभातेयुप ने अब तक रक्तदान क्षेत्र में कई रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। वर्ष 2014 में एक दिन में 1,00,212 यूनिट रक्तदान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था। कोविड महामारी के दौरान भी अभातेयुप ने 55,000 यूनिट रक्त और 2000 से अधिक प्लाज्मा डोनेशन उपलब्ध कराकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन किया।

इस बार का विशेष आयोजन भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, रेलवे मंत्रालय, रेलवे पुलिस फोर्स व एन.एस.एस. के साथ साझेदारी में किया जा रहा है। अभियान के तहत एक ही दिन में 7500 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 4000 रक्त बैंक, 5000 डॉक्टर्स, 25 हजार टेक्नीशियन और 1 लाख से अधिक स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसका उद्देश्य पूरे भारत में 5 लाख यूनिट रक्त एकत्रित करना है।

विशेष जानकारी देते हुए अभातेयुप मारवाड़ प्रभारी रोशन नाहर ने बताया कि इस अभियान का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह दिन भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। इस अवसर पर स्वस्थ समाज निर्माण के लिए सामूहिक रूप से सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।

आज पाली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव बैनर का विमोचन राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पाली जिला अध्यक्ष पीयूष चोपड़ा, मंत्री राजेश मरलेचा सहित समाजसेवी परिवार समदड़िया (अमरचंद, गौतमचंद, अनिल, संदीप, अमित, नीतेश, सुमित, मुदित) ने प्रमुख सहयोग प्रदान किया।

अभातेयुप पाली ने जिले की निम्नलिखित तहसीलों में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना बनाई है मारवाड़ जंक्शन, सुमेरपुर, सोजत सिटी, रोहट, रानी, सिरियारी, बगड़ी,कंटालिया, राणावास, खिवाड़ा,जैतारण

इस अभियान में आमजन से विशेष आह्वान किया गया है कि वे अधिक से अधिक रक्तदान करें और जरूरतमंदों की सेवा में भागीदार बनें। रक्तदान शिविर में सभी सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् का यह प्रयास देशभर में सामाजिक समरसता, मानवता सेवा और स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक नया अध्याय साबित होगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button