पाली : जिले में धूमधाम से सम्पन्न हुई 69वीं जिला स्तरीय वूशु व ताइक्वांडो प्रतियोगिता, विधायक शोभा चौहान ने किया समापन समारोह का उद्घाटन

पाली/सोजत : 69वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता वूशु एवं ताइक्वांडो का भव्य समापन समारोह आज सोजत में बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सोजत विधायक शोभा चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि जिला शिक्षा शारीरिक शिक्षा अधिकारी बलवीर सिंह राणावत ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में धोबली देवी (प्रधान, पंचायत समिति सोजत), योगेन्द्र सिंह कुम्पावत (सरपंच, झूपेलाव), सुनिता सांदू (पर्यवेक्षक प्रतियोगिता) और कार्यक्रम आयोजक पद्म सिंह सांदू (संस्था प्रधान) प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

समारोह का आरंभ सरस्वती माता की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन व पुष्प अर्पण से हुआ। इसके पश्चात शारीरिक शिक्षक राम अवतार ने बताया कि प्रतियोगिता में जिलेभर के छात्र-छात्राओं ने अपने कौशल, परिश्रम और अनुशासन से शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल में अपना दबदबा कायम किया।
ताइक्वांडो प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में प्रथम स्थान ऑर्किड सेंट्रल स्कूल ने प्राप्त किया, जबकि छात्रा वर्ग में रेन बो पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। दीप विद्या आश्रम, जालोरी दरवाजा, पाली ने छात्रा वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वूशु प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया। इस दौरान झूपेलाव ग्राम के गणमान्य नागरिक, नव युवक मंडल के पदाधिकारी, शिक्षकगण और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि शोभा चौहान ने प्रतियोगियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण और मानसिक व शारीरिक विकास का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे खेलकूद को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। अंत में आयोजक पद्म सिंह सांदू ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी और भामाशाहों व ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में स्वास्थ्य व साहसिकता की भावना विकसित होती है।




