प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़े की शुरुआत, सुमेरपुर में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ

पाली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिलेभर में सेवा पखवाड़े की धूम देखने को मिली। सुमेरपुर में उप जिला चिकित्सालय परिसर में स्थानीय विधायक एवं पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ का फीता काटकर शुभारंभ किया।
मंत्री कुमावत ने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को नई दिशा देगा। उन्होंने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य की प्रारंभिक पहचान, रोकथाम और जागरूकता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में एसडीएम कालूराम कुम्हार, पीएमओ डॉ. महिपाल सिंह, बीसीएमओ डॉ. गोविंद सिंह चूड़ावत, डिप्टी कंट्रोलर डॉ. ताराचंद, ब्लॉक प्रोग्रामर ऑफिसर प्रमोद गिरी सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रक्तदान शिविर में हुआ उत्साहवर्धन
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सुमेरपुर महावीर हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। मंत्री कुमावत ने शिविर का निरीक्षण कर रक्तदाताओं से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें “रक्तदान महादान” का संदेश दिया।
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद और पाली इकाई की ओर से आयोजित इस शिविर में एमबीडीडी मारवाड़ प्रभारी रोशन नाहर, संयोजक नैतिक मांडोत, परिषद अध्यक्ष पीयूष चौपड़ा सहित अनेक पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पीएम का अभिभाषण भी सुना
इसके साथ ही सुमेरपुर नगरपालिका परिसर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कुमावत ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा प्रसारण देखा और उनके संबोधन को सुना। इस दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष चर्तुभुज शर्मा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष फूलाराम सुथार, जनप्रतिनिधि रविकांत रावल, महेंद्र माली, दिनेश राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



