बाली में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के तहत जिला स्तरीय विशाल स्वास्थ्य शिविर, हजारों ने लिया लाभ

पाली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस अवसर पर देशभर में चल रहे “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के तहत बुधवार को जिला चिकित्सालय, बाली में जिला स्तरीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के धार से किया, जिसका सीधा प्रसारण शिविर में भी दिखाया गया।
शिविर में महिला एवं बाल स्वास्थ्य, टीबी स्क्रीनिंग, कैंसर जांच, एनसीडी, मातृत्व एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण संबंधी परामर्श, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, वृद्धावस्था की बीमारियों की जांच, आयुर्वेदिक उपचार, अंगदान और रक्तदान जागरूकता जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने दिनभर मरीजों को उपचार और परामर्श दिया।

कार्यक्रम में बाली विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत, एडीएम शैलेन्द्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल, पीएमओ डॉ. भरत टेलर, बीसीएमओ डॉ. हितेंद्र वागोरिया, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक राजेश शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष भरत चौधरी और उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे।
विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा क्षेत्र बाली में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सीएमएचओ को जिला चिकित्सालय बाली में ब्लड बैंक स्थापित करने, ब्लड कलेक्शन सेंटर में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष टीमें गठित करने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। शिविर में बनाया गया सेल्फी पॉइंट लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के बाद सेल्फी लेते नजर आए।



