पाली की बेटियों ने ताइक्वांडो में गाड़ा झंडा, दीप विद्या आश्रम की चार छात्राओं ने राज्य स्तर पर बनाई जगह

पाली : जिले की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। 69वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो छात्रा वर्ग (17 व 19 वर्ष) प्रतियोगिता में दीप विद्या आश्रम की चार बालिकाओं ने अपने जज्बे और संघर्ष से शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। इस उपलब्धि का जश्न विद्यालय प्रांगण में एक गरिमामय सम्मान समारोह के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पाली जिला वूशू सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद आसीफ रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन लोहिया ने की। इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथि, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विद्यालय निदेशक अकरम खान ने कहा बालिकाओं की प्रतिभा तभी निखरेगी जब परिवार उन्हें खुलकर खेलने और आगे बढ़ने का अवसर देगा। मैदान में उनका जज्बा देखकर मैं दंग रह गया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुलथाना के प्रधानाचार्य रतन लाल बारूपाल ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं, यह अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। दीप विद्या आश्रम और कोच आसिफ अली का यह प्रयास सराहनीय है, जिन्होंने सीमित संसाधनों में बड़ा परिणाम दिया।

अध्यापिका श्रीजी यादव ने अपने प्रेरक अंदाज़ में कहा पदक केवल धातु का टुकड़ा नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और सपनों के पूरे होने का प्रतीक है।
समारोह में विजेता छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय निदेशक कमल जैन ने कहा आज की यह जीत दीप विद्या आश्रम की आत्मा है। असली उपलब्धि यह है कि हमारी बालिकाओं ने जिले का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन वैभवी रंगवानी ने प्रभावशाली शैली में किया। मौके पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावकगण व गणमान्य नागरिकों ने विजय की खुशी साझा की और छात्राओं का हौसला बढ़ाया।



