पाली : सहकारी समितियों के व्यवस्थापकों का प्रशिक्षण, ‘सहकार सेनानी’ उपाधि से सम्मानित हुए 11 प्रबंधक

पाली : राजस्थान सहकारी शिक्षा एवं प्रबंध संस्थान (राइसेम) जयपुर की ओर से पाली सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रधान कार्यालय में ग्राम सेवा सहकारी समितियों के व्यवस्थापकों व सहायक व्यवस्थापकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में जिलेभर से लगभग 110 व्यवस्थापकों ने भाग लिया। राइसेम से आए राजकुमार शर्मा ने प्रशिक्षण दिया, जबकि बैंक के प्रबंध निदेशक प्रशांत कल्ला ने समितियों के व्यवसाय विविधिकरण, नवाचार और विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना समितियों की मजबूती और स्थिरता के लिए आवश्यक है।

बैठक में खाद वितरण को नियमानुसार और पारदर्शी ढंग से करने के निर्देश दिए गए। वहीं, 25 लाख, 50 लाख और 1 करोड़ से अधिक लाभ अर्जित करने वाली समितियों के 11 व्यवस्थापकों को ‘सहकार सेनानी’ की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन व्यवस्थापकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कृषि ऋण के साथ अन्य व्यवसायिक गतिविधियों से भी समितियों को लाभ में लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में संयुक्त रजिस्ट्रार अनिल कुमार ने सहकार सदस्यता अभियान 2025 के तहत नए सदस्य बनाने और पैक्स विहीन ग्राम पंचायतों में नई ग्राम सेवा सहकारी समितियां गठित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक धर्मेंद्र कुमावत, किशोरीलाल मेवाड़ा, जोगेंद्र सिंह, छोगाराम चौधरी, पुनीत, अतुल पुरोहित, सुनील सोनी सहित बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।




