
पाली : विश्व हिंदू परिषद पाली विभाग द्वारा आयोजित हिंदू शंखनाद – 2025 का कल भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पूरे पाली विभाग के गांव-गांव, बस्तियों और घर-घर तक निमंत्रण पहुँच चुका है। जिलेभर से हजारों लोग इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्साहित हैं।
जिला प्रचार प्रमुख मनीष सेन ने बताया कि पिछले तीन महीनों से चल रही तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। कार्यक्रम स्थल अणुव्रत नगर मैदान पर विशाल मंच और आगंतुकों के लिए तीन बड़े डोम बनाए गए हैं। इनमें सभी सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। संतों, अतिविशिष्ट अतिथियों और गणमान्य लोगों के लिए अलग-अलग मंच की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम में पाली विभाग के एक हजार गांवों से करीब 470 बसों और सैकड़ों निजी वाहनों से लगभग 40 हजार लोग पहुंचेंगे। पार्किंग व्यवस्था, सोजत क्षेत्र से आने वाली बसें नई सब्जी मंडी में खड़ी होंगी। बाली क्षेत्र की बसों के लिए कंवाड़ सर्कल से फैक्ट्री लाइन की ओर 200 मीटर खाली प्लॉट पर 100 बसों की पार्किंग। पाली ग्रामीण क्षेत्र के वाहनों की पार्किंग रामलीला मैदान में। बाइक पार्किंग वेयरहाउस धान गोदाम में की गई है।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर होंगी। इसके साथ ही साध्वी समाहिता दीदी, बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दोनेरिया, विहिप राष्ट्रीय सह मंत्री शंकर गायकर सहित पाली जिले के 100 से अधिक संत उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की तैयारी में विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं। इसमें बजरंग दल राष्ट्रीय सह संयोजक किशन प्रजापत, प्रांत संगठन मंत्री राजेश पटेल, दुर्गावाहिनी प्रांत संयोजिका विनीता तनवानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। यह आयोजन पाली में एक ऐतिहासिक जनसमागम साबित होगा, जिसमें हिंदू जनमेदिनी बड़ी संख्या में इतिहास रचने के लिए एकत्रित होगी।



