ग्राम पंचायत टेवाली में ग्रामीण सेवा शिविर, पट्टे वितरण से लेकर स्वास्थ्य जांच तक, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

पाली/टेवाली : राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविरों से आमजन को लगातार राहत मिल रही है। इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत टेवाली में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की विविध समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर प्रभारी मनोज भाटी ने बताया कि इस दौरान 15 आवासीय पट्टे जारी किए गए। इसके अलावा विवाह प्रमाण पत्र और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित किए गए। राजस्व विभाग ने नामांतरण और शुद्धिकरण के 38 मामलों का निस्तारण किया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग के चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, वहीं पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं का मंगला बीमा एवं जांच की गई। इसके साथ ही पेंशन सत्यापन का कार्य भी संपन्न हुआ। शिविर में प्रधान मोहिनी देवी पुखराज पटेल, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि भंवर चौधरी, प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, नायब तहसीलदार बाबुलाल चौहान, आरआई भरत सिंह, सरपंच जोगाराम कुमावत, ग्राम विकास अधिकारी शोभावती, पटवारी साबुराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि शिविर से न केवल उनके कार्य समय पर निपट रहे हैं बल्कि विभागीय सेवाएं गांव की चौखट तक पहुंचने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।



