पाली कलेक्टर ने दी सख्त हिदायतें, सभी स्कूलों में बनेंगे प्रहरी क्लब, बाल नशा मुक्ति अभियान को मिलेगी रफ्तार

पाली : जिला कलेक्टर एलएन मंत्री की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में जिला बाल संरक्षण इकाई की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने बाल नशा मुक्ति की प्रभावी रोकथाम के लिए विभागों को सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर मंत्री ने एनसीपीसीआर, नई दिल्ली द्वारा जारी “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” ज्वाइंट एक्शन प्लान की विस्तार से समीक्षा की और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के सभी विभाग – चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय, औषधि नियंत्रण, आबकारी, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभाग आपसी समन्वय से जागरूकता कार्यक्रमों को तेज करें।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को आदेश दिए कि जिले के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों (कक्षा 6 से 12) में प्रहरी क्लब का गठन तुरंत किया जाए। प्रत्येक क्लब में 20-30 विद्यार्थी शामिल होंगे जिन्हें विद्यालय प्राचार्य द्वारा चयनित किया जाएगा। इनकी जिम्मेदारी 2-3 अध्यापक/काउंसलरों को सौंपी जाएगी।
प्रहरी क्लब के विद्यार्थी विद्यालय परिसर के 100 मीटर दायरे में नशीले पदार्थ जैसे तंबाकू, शराब आदि की बिक्री व खपत पर नजर रखेंगे और रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक में किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति और अन्य विभागीय अधिकारियों को कलेक्टर ने स्वयं नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई।
इस दौरान सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई पाली टीना अरोड़ा ने प्रहरी क्लब की संरचना व जिम्मेदारियों की जानकारी दी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।



