पाली : जीएसटी दरों में कमी पर जागरूकता मंत्री जोराराम कुमावत ने व्यापारी वर्ग से आमजन तक लाभ पहुंचाने का किया आह्वान

पाली : केंद्रीय सरकार द्वारा जीएसटी दरों में कमी करने के बाद आमजन तक इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य को लेकर शुक्रवार को पशुपालन विभाग कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सुमेरपुर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने व्यापारिक संगठनों के साथ भैरू चौक से मेहता प्याऊ तक पदयात्रा निकाली और आमजन को नई जीएसटी दरों के बारे में जानकारी दी।
मंत्री कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी की दरें कम कर आमजन को राहत दी गई है। उन्होंने व्यापारी वर्ग से अपील की कि आज से ही वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में कमी को अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचाएं, ताकि आम लोग अपनी बचत का लाभ शिक्षा, बच्चों के भविष्य और निवेश में कर सकें।

जीएसटी बचत उत्सव के तहत आयोजित सभा में मंत्री ने कहा: यह ऐतिहासिक निर्णय आमजन के लिए आर्थिक बचत का तोहफा है। व्यापारी वर्ग की जिम्मेदारी है कि नई दरों का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचे। स्वदेशी को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री के संदेश को अपनाते हुए स्थानीय और स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग बढ़ाया जाए।
शिविर और पदयात्रा के दौरान, व्यापारी संगठनों ने व्यापार जगत में आ रही समस्याओं को भी मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री कुमावत ने आश्वासन दिया कि सरकार के जीएसटी सरलीकरण का लाभ आमजन तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री का जगह-जगह फूलमालाओं से स्वागत किया गया और दुकानों पर जीएसटी दरों में कमी संबंधित जागरूकता पोस्टर भी चस्पा किए गए। इस कार्यक्रम में शामिल प्रमुख लोग थे: व्यापारी संघ के अध्यक्ष: पुखराज कुमावत वाणिज्यिक कर विभाग वृत सुमेरपुर के एसीटीओ महिपाल सिंह, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह पदयात्रा में शामिल: शिवराजसिंह बिठिया, मांगीलाल सुथार, ललित राकावत, दिनेश कुमावत, हडमंतसिंह बांकली, पारस सोलंकी, रविकांत रावल, स्थानीय जनप्रतिनिधि और व्यापारिक संगठन के सदस्य। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मंत्री की अपील का समर्थन किया और व्यापारियों से आग्रह किया कि जीएसटी दरों में कमी का लाभ तुरंत आमजन तक पहुंचे।




