पाली : साप्ताहिक समीक्षा बैठक एडीएम डॉ. बजरंग सिंह ने योजनाओं की प्रगति की ली समीक्षा, दिए जरूरी निर्देश
जिला कलक्टर के निर्देश पर सभी विभागों को तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश

पाली : जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री के निर्देशानुसार सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय के सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर (एडीएम) डॉ. बजरंग सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को तेजी से प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सबसे पहले फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की गई। ऊर्जा विभाग में कुसुम योजना के अंतर्गत 33 KVS कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडो प्रोत्साहन योजना में लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी ली गई। कृषि एवं बागवानी विभाग में तारबंदी, फार्म पौंड, ग्रीन हाउस एवं ड्रिप योजना से संबंधित प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृतियों की स्थिति की समीक्षा की गई। शहरी व ग्रामीण सेवा शिविरों की तैयारियों व प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इसके अलावा नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, उद्योग विभाग में विश्वकर्मा व राइजिंग राजस्थान, पीएचईडी में जल जीवन मिशन, चिकित्सा व जन स्वास्थ्य, वन, शिक्षा विभाग की मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान योजना तथा जल संसाधन विभाग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एडीएम डॉ. सिंह ने पानी, बिजली, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया।
उन्होंने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला परिषद मुकेश चौधरी, यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



