पाली : अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मेरा युवा भारत ने बुजुर्गों के लिए सेवा और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया

पाली : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्त संगठन मेरा युवा भारत के पाली कार्यालय ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्धाश्रम पाली में बुजुर्गों के साथ संवाद और सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा देना है।
कार्यक्रम में लीड बैंक मैनेजर कैलाश नारायण मीणा ने युवाओं से कहा कि वर्तमान समय में बुजुर्गों के अनुभव और ज्ञान से संवाद बनाकर सीखना बेहद महत्वपूर्ण है। इससे युवा अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारण और निर्णय क्षमता को बेहतर बना सकते हैं।

मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ ने बताया कि यह कार्यक्रम 1 से 3 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जिसमें बुजुर्गों के साथ संवाद, पौधारोपण, स्वच्छता एवं सेवा-भाव के कार्य किए जाएंगे। आज के कार्यक्रम में युवाओं ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य और हाइजीन पर चर्चा की, उनके अनुभव सुने और गीत-संगीत व भजन से कार्यक्रम को धार्मिक एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
कार्यक्रम में प्रमोद जैथेलिया, कांतिलाल, भंवरसिंह राजपुरोहित, हर्षिता सिसोदिया, भरत तोसावरा, लक्ष्मी राजपुरोहित, शिल्पा, धनराज भाटी, हेमकिरण सहित कई युवा स्वयंसेवक सक्रिय रूप से शामिल रहे।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि “वृद्धजनों का सम्मान और उनके अनुभव से सीखना ही सच्ची सभ्यता की पहचान है।”
कार्यक्रम ने न केवल बुजुर्गों के लिए खुशी और स्नेह का अनुभव प्रदान किया, बल्कि युवाओं में सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया।




