महात्मा गांधी जयंती पर आवासीय पट्टा वितरण एवं स्वच्छता दिवस समारोह का आयोजन, विधायक ने किया नागरिकों का मार्गदर्शन

पाली/मारवाड़ जंक्शन : जिले के मारवाड़ जंक्शन में महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नगर पालिका क्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में आवासीय पट्टा वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी और स्वच्छता दिवस-स्वच्छोत्सव 2025 का आयोजन किया गया।

पंचायत समिति सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक केसाराम चौधरी, उपखण्ड अधिकारी एवं प्रशासक महावीरसिंह जोधा तथा अधिशासी अधिकारी विक्रमसिंह राठौड़ उपस्थित रहे। शहरी सेवा शिविर-2025 के अंतर्गत कुल 15 आवेदकों को आवासीय पट्टे वितरित किए गए, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत पात्र आवेदकों को चतुर्थ किस्त चेक माध्यम से प्रदान की गई।
विधायक केसाराम चौधरी ने आवेदकों से कहा कि पट्टे प्राप्त करने के बाद उनका रजिस्ट्रेशन अवश्य करवाएँ। वहीं, प्रशासक महावीरसिंह जोधा ने लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण कर आवेदकों को पट्टा दिलाने और पंजीयन करवाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में एम.आई.एस. इंजीनियर विकास यादव, मनोज शर्मा, कनिष्ठ सहायक खुशाल प्रजापत, स्वास्थ्य जमादार जितेन्द्र खोखर, सिकंदर बक्श, मनीष टांक, हेमंत गेहलोत सहित अन्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
इसी अवसर पर आयोजित स्वच्छता दिवस-स्वच्छोत्सव 2025 में विधायक चौधरी ने महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत विधायक ने 25 सफाईमित्रों को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। उन्होंने सभी नागरिकों और कर्मचारियों को प्रतिवर्ष 100 घंटे स्वच्छता हेतु श्रमदान और अपने गली-मोहल्लों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान उपखण्ड अधिकारी महावीरसिंह जोधा, अधिशासी अधिकारी विक्रमसिंह राठौड़, विकास अधिकारी भागीरथ सिंह राठौड़, एम.आई.एस. इंजीनियर विकास यादव, मनोज शर्मा और समस्त नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम ने न केवल आवासीय सुविधा वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की बल्कि नागरिकों में स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई।




