जिला कारागृह पाली में आयोजित अपराधी सुधार दिवस, बंदियों को दिया गया अनुशासन और आत्मसुधार का संदेश

पाली : सामाजिक सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आज शुक्रवार को जिला कारागृह पाली में अपराधी सुधार दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कानाराम पारंगी ने की। इस अवसर पर उन्होंने बंदियों को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन, शिक्षा, आत्मचिंतन और नशा-मुक्त जीवन अपनाने का महत्व समझाया।
पारंगी ने बंदियों से आग्रह किया कि वे कारावास की अवधि को केवल सजा के रूप में न देखें, बल्कि इसे आत्मसुधार और सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर मानें। उन्होंने कहा, “सुधार का मार्ग अपनाकर ही कोई व्यक्ति समाज की मुख्यधारा में सही मायनों में शामिल हो सकता है।”

कार्यक्रम में जेलर जोरा राम, मुख्य प्रहरी गुलाब चंद कडेला, प्रहरी जयराम, सोहन राम, सुभाष, गणपत, महिला प्रहरी गेट कीपर पुनी देवी व प्रियंका चौधरी और सूचना सहायक अब्दुल हनान भी उपस्थित रहे।
समापन के अवसर पर बंदियों को अल्पाहार और ताजे फलों का वितरण भी किया गया। जेल प्रशासन का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम बंदियों में सकारात्मक सोच और आत्मसुधार की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं।
सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि नियमित रूप से आयोजित सुधार दिवस और शिक्षा संबंधी गतिविधियां बंदियों को पुनर्वास की दिशा में प्रेरित करती हैं और उन्हें समाज में पुनः स्वीकार्यता दिलाने में मदद करती हैं।



