
तखतगढ़ : समीपवर्ती बिठूड़ा पीरान में स्थित साढ़े चार सौ वर्ष पुराने आई माता मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य की ऐतिहासिक शुरुआत रविवार को होने जा रही है। इस अवसर पर बंशी पहाड़पुर पत्थर और मकराना संगमरमर से निर्मित होने वाली नई आई माता बढेर के निर्माण में घड़ाई का प्रथम पाषाण लगाया जाएगा।
शुभ मुहूर्त में आयोजित इस समारोह में पीरोसा गोपालसिंह, कोटवाल बोलीदाता मेघाराम, गमनाराम, रत्तीलाल गहलोत परिवार सहित अनेक गणमान्य लोग भाग लेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन में मध्यप्रदेश सहित देशभर के विभिन्न राज्यों से पर्सनल, डायमंड, गोल्ड एवं सिल्वर शिलालेखों के भामाशाह, प्रशासनिक अधिकारी और समाजबंधु बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे।

श्री सिद्धी शक्तिपीठ आई माता ट्रस्ट बढेर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नेमीचंद, पीसीसी महासचिव भूराराम सीरवी, राष्ट्रीय सीरवी युवा परिषद अध्यक्ष सुरेश चौधरी, उपाध्यक्ष तगाराम, सचिव मांगीलाल चाणौद, कोषाध्यक्ष मन्नाराम, सह-कोषाध्यक्ष मुलाराम, जनता कॉलोनी अध्यक्ष लुम्बाराम, गुला महाराज ट्रस्ट अध्यक्ष मोहनलाल भायल, लालाराम बडगांवड़ा, सीरवी परगना सुमेरपुर अध्यक्ष दोलाराम, सीरवी छात्रावास उदयपुर सचिव प्रभुराम चांचोडी, एईएन भूराराम व ताराचंद, ठेकेदार सकाराम, चाणौद चौताला अध्यक्ष देवाराम सहित सीरवी समाज के समस्त पंच-पटेल व ट्रस्ट के आजीवन सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह जीर्णोद्धार कार्य न केवल मंदिर के पुनर्निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, बल्कि समाज की एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक भी है। नई आई माता बढेर के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और एक भव्य धार्मिक स्थल मिलेगा।



