पाली : साण्डेराव फोरलेन पर बाइक सवार युवकों से बरामद हुआ चांदी का छतर, मंदिर में चोरी की आशंका
एलएनटी पेट्रोलिंग टीम की सतर्कता से पकड़ा मामला, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

पाली। साण्डेराव फोरलेन हाईवे पर शुक्रवार को एलएनटी कंपनी की पेट्रोलिंग टीम की सतर्कता से मंदिर में हुई चांदी के छतर की चोरी का खुलासा हुआ। ढोला-केनपुरा की ओर से आ रही एक बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध हालत में भागते नजर आए।
पेट्रोलिंग टीम को शक हुआ तो टीम सदस्य शोभाराम ने अन्य साथियों के साथ पीछा किया। युवकों से झड़प के दौरान वे एक बैग मौके पर छोड़ भाग निकले। बैग की तलाशी लेने पर उसमें चांदी का एक छतर मिला, जिसे किसी मंदिर से चुराया गया माना जा रहा है।

सूचना पर साण्डेराव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छतर बरामद कर लिया। थाना अधिकारी गीता सिंह चौधरी ने बताया कि तीनों अज्ञात युवकों की तलाश की जा रही है और जिलेभर के थानों को अलर्ट किया गया है। साथ ही स्थानीय मंदिरों से भी चोरी की पुष्टि के लिए संपर्क किया जा रहा है।



