पाली : जिला कलक्टर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक, सेवा शिविरों की प्रगति तेज करने व ‘यूज़ एंड थ्रो’ पर रोक के निर्देश

पाली। जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट के वीसी रूम में जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सेवा शिविरों, फ्लैगशिप योजनाओं तथा विभागीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा शिविरों में अधिकतम आमजन को लाभ मिले तथा कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कलक्टर मंत्री ने विशेष रूप से ग्रामीण सेवा शिविरों से जुड़े विभागों की योजनाओं की जानकारी लेकर प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, ग्रामीण विकास, वन, पंचायती राज, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, पशुपालन, कृषि, सामाजिक न्याय, सहकारिता व श्रम विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों में प्रभारी अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और जनसेवा कार्यों में कोताही ना बरतें। साथ ही सभी विभागों से फ्लैगशिप योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुँचाने पर जोर दिया।
वीसी में ब्लॉक लेवल के उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों और विकास अधिकारियों को ‘रामसेतु की गिलहरी’ अभियान के तहत प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने का संदेश दिया गया। कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में यूज़ एंड थ्रो पेन, बोतलें और डिस्पोज़ल कपों का उपयोग बंद किया जाए, ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के तुलसीराम द्वारा अभियान पर पीपीटी और लघु फिल्म प्रस्तुत की गई तथा विभाग को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। बजट घोषणाओं, पेयजल, बिजली, सड़क निर्माण और भूखंड आवंटन से संबंधित कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। बैठक में एडीएम डॉ. बजरंग सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित सभी जिला स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।



