पाली में टी.बी. मुक्त भारत अभियान को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित

पाली : जिले में टी.बी. मुक्त भारत अभियान की प्रगति और आगामी कार्ययोजना को लेकर सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल की अध्यक्षता में वर्चुअल मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में जिला कलेक्टर एलएन मंत्री ने सभी ब्लॉकों में टी.बी. मरीजों के पोषण हेतु भामाशाहों के सहयोग से अधिकाधिक “निक्षय मित्र” जोड़ने और अभियान की सभी गतिविधियों को तय समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सीएमएचओ डॉ. मारवाल ने बताया कि जिले की वल्नरेबल आबादी जैसे 60 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिक, खनन श्रमिक, धूम्रपान करने वाले, शुगर व बीपी मरीजों, सिलिकोसिस पीड़ितों और टीबी रोगियों के संपर्क में आने वालों की व्यापक स्क्रीनिंग की जाएगी।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. उजमा जबीन ने जानकारी दी कि चिकित्सा कर्मियों को प्रशिक्षण देकर नोटिफाइड मरीजों की निक्षय पोर्टल पर समय पर एंट्री सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही निक्षय पोषण योजना की राशि समय पर मिले, इसके लिए मरीजों की बैंक डिटेल अपडेट करने पर जोर दिया जा रहा है। वीसी में सभी बीसीएमओ, सीएचसी व पीएचसी इंचार्ज, बीपीएम, सीएचओ, डीईओ, एलटी, एलए, एसटीएस व एसटीएलएस मौजूद रहे।



