ज्योति विद्या मंदिर, पाली के विद्यार्थियों ने लिया रामसेतु की गिलहरी बनने का संकल्प

पाली : ज्योति विद्या मंदिर उच्च प्राथमिक विद्यालय, आशापुरा नगर पाली के विद्यार्थियों ने रामसेतु की गिलहरी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने संकल्प व्यक्त किए। यह अभियान जिला प्रशासन पाली द्वारा प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग और उसके दुष्परिणामों को रोकने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। अभियान की शुरुआत जिला कलेक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री ने रामसेतु की गिलहरी नाम से की थी, जिसका उद्देश्य प्लास्टिक का एक बार उपयोग कर फेंकने की प्रवृत्ति को समाप्त करना और पुनः उपयोग को बढ़ावा देना है।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद जोधपुर प्रांत के मीडिया प्रमुख साहित्यकार पवन पाण्डेय और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका तृप्ति पाण्डेय ने मिलकर विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ा। इस दौरान विद्यार्थियों से शपथ ली गई कि: यूज एंड थ्रो पेन का प्रयोग नहीं करेंगे, बल्कि फाउंटेन पेन का उपयोग करेंगे। घर पर आए प्लास्टिक के सामान और थैलियों को फेंकने के बजाय दुबारा उपयोग करेंगे। पर्यावरण की रक्षा के लिए वृक्ष लगाएंगे और पहले से लगे वृक्षों की देखभाल करेंगे।
इस अवसर पर शाला प्रभारी मीनाक्षी चतुर्वेदी, वर्षा परमार, चेतना चौहान, नसरीन बानो, अमीषा पटेल, पूजा कंवर, विनीता आसवानी, सोनिया मिर्जा, रेखा प्रजापत मानकंवर ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में ‘रामसेतु की गिलहरी’ बनने का संकल्प लिया और विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
रामसेतु की गिलहरी अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और सतत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाना है। अभियान के तहत स्कूल स्तर पर वृक्षारोपण, प्लास्टिक पुनः उपयोग और स्वच्छता पर जोर दिया जा रहा है।
विद्यालय प्रशासन और शिक्षकगण ने बताया कि इस तरह के सामाजिक एवं पर्यावरण अभियान बच्चों में जिम्मेदारी और जागरूकता पैदा करने का काम करते हैं, जिससे भविष्य में वे अपने जीवन में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देंगे। इस अभियान के माध्यम से विद्यालय ने पाली में शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण चेतना को भी बढ़ावा देने का मिसाल पेश किया है।



