google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

फालना नोबल स्कूल में 2500 विद्यार्थियों ने लिया प्लास्टिक मुक्त रहने का संकल्प, जिला कलेक्टर ने गिलहरी के उदाहरण से किया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पाली/फालना। जिले के फालना नोबल स्कूल में शुक्रवार को “रामसेतु की गिलहरी अभियान” के तहत लगभग 2500 विद्यार्थियों ने यूज एंड थ्रो व सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने की शपथ ली। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बच्चों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एल. एन. मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जैसे प्रभु श्री राम के सेतु निर्माण में गिलहरी ने योगदान दिया था, वैसे ही हम सभी मिलकर छोटे-छोटे कदम उठाकर “प्लास्टिक रहित सेतु” का निर्माण कर सकते हैं और अपने पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्षा ललिता शाह, नायब तहसीलदार मनमोहन सिंह, पूर्व विधायक भैरू सिंह गुर्जर, उद्योग मंडल के अध्यक्ष बहादुर सिंह खालसा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्याम सिंह जोधा, जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह सांदू, साहित्यकार पवन पांडे, सेवाड़ी प्रिंसिपल गोपाल पारीक, समाजसेवी अमित मेहता, उद्योग मंडल की डायरेक्टर रामकिशोर गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच का संचालन ओजस्वी ढंग से डॉ. प्रवीण वैष्णव ने किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने न केवल शपथ ली, बल्कि प्लास्टिक मुक्त जीवन शैली अपनाने और जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया। जिला कलेक्टर ने कहा कि बच्चों द्वारा उठाया गया यह कदम पूरे जिले के लिए एक प्रेरणा है और इससे पर्यावरण संरक्षण में नए आयाम जुड़ेंगे।

इस अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद किया जाए और युवा पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाई जाए।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button