पाली : मनाया गया अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस, उत्कृष्ट बालिकाओं का हुआ सम्मान

पाली : जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग, पाली के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय बांगड़ महाविद्यालय सभागार में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस 2025 का जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, कार्यक्रम अध्यक्ष जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह देवड़ा, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, उपनिदेशक आईसीडीएस राजेश कुमार, उपनिदेशक समाज कल्याण जे.पी. अरोड़ा, महिला अधिकारिता उपनिदेशक भागीरथ, राजकीय बांगड़ महाविद्यालय प्राचार्य महेंद्र सिंह राजपुरोहित, राजकीय भंसाली महाविद्यालय प्राचार्या विनीता कोका सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्य अतिथि ज्ञानचंद पारख ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं व बालिकाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ महिला अधिकारिता विभाग के माध्यम से हर बालिका तक पहुंच रहा है। उन्होंने बालिकाओं से आत्मरक्षा और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, चुनौतियों और अवसरों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आज की बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज को नई दिशा दे रही हैं।
पाली विधायक भीमराज भाटी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया और कहा कि बेटियां निडर होकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ें। जिला भाजपा अध्यक्ष सुनील भंडारी ने बालिकाओं के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रतिभाशाली बालिकाओं को सम्मान
कार्यक्रम में कक्षा 10 व 12 में जिले में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को मेडल, बैग और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कक्षा 10 में गोरी, डिम्पल और पुरावक्षी
कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में अक्ष, ललिता और प्रियंका
कला वर्ग में मीनाक्षी, ऋतिका और प्रतिभा

वाणिज्य वर्ग में रक्षा, मितल और खुशी रावल
वहीं, खेल क्षेत्र में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सुमन, अभिलाषा, आराधना, निकिता और गुंजन को भी सम्मानित किया गया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को ₹5100, द्वितीय को ₹3100 और तृतीय को ₹2100 का डमी चेक प्रदान किया गया। खेल क्षेत्र की प्रतिभाओं को ₹2500 की राशि दी गई।
इसके अलावा रक्षा, न्यायिक सेवा, पुलिस, बैंकिंग, शिक्षा, चिकित्सा, अभियंत्रण आदि क्षेत्रों में चयनित 29 बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक रंगों से सजा मंच
कार्यक्रम में राजकीय बांगड़ महाविद्यालय, राजकीय भंसाली महाविद्यालय, राजकीय बालिका विद्यालय, शक्ति विद्या मंदिर, मॉन्टेसरी विद्यालय और संस्कार केंद्र सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने नाटक, समूह नृत्य, एकल नृत्य और गीत प्रस्तुत किए।
कालबेलिया और घूमर नृत्य विशेष आकर्षण रहे।
पुलिस विभाग की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने बालिका शिक्षा, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और सुरक्षा से जुड़े संदेशों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया।

विशेष आकर्षण और शपथ
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई और मोरिंगा पर व्यंजन पुस्तिका का विमोचन किया गया।
अंत में उपनिदेशक भागीरथ ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
मंच संचालन मांगीलाल तनवर और प्रियंका व्यास ने किया।



