लिटिल स्केचर्स प्री स्कूल एवं स्केचर्स एकेडमी में दीपावली उत्सव धूमधाम से मनाया गया, नन्हें बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से बिखेरी खुशियों की झिलमिलाहट

पाली : तालाब रोड, रामनगर स्थित लिटिल स्केचर्स प्री स्कूल एवं स्केचर्स एकेडमी में बुधवार को दीपावली उत्सव बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर दीपों की रौशनी और बच्चों की मुस्कान से जगमगा उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय निदेशक भावेश सोनी एवं रवीन्द्र सोनी द्वारा माता लक्ष्मी की आराधना एवं दीप प्रज्ज्वलन से की गई। दोनों निदेशकों ने विद्यार्थियों को दीपावली पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व के बारे में बताया तथा सभी को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और दान की भावना से त्योहार मनाने का संदेश दिया।

बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में राम-सीता की झांकी, पारंपरिक नृत्य, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। नन्हें कलाकारों के प्रदर्शन से विद्यालय का वातावरण उत्सवमय हो उठा और दर्शक तालियों से गूंज उठे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी विद्यार्थियों को दीपक एवं चॉकलेट वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।

विद्यालय परिवार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में भारतीय परंपरा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के प्रति प्रेम विकसित करते हैं तथा उन्हें उत्सवों का सही अर्थ समझने की प्रेरणा देते हैं।



