google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

राष्ट्रीय पोषण माह का समापन समारोह, पाली में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के साथ मनाया गया कार्यक्रम

पाली : राष्ट्रीय पोषण माह का जिला स्तरीय समापन समारोह शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार पाली में समारोहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म रही, जिसमें पारंपरिक गीतों के साथ हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।

समग्र बाल विकास सेवा विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और बाल्यावस्था में पोषण की जागरूकता को बढ़ावा देना था। समारोह में “मोटापा कम करें — कम तेल, कम चीनी अपनाएं”, “प्रारंभिक बाल्यावस्था में शिक्षा और पोषण भी, पढ़ाई भी” जैसे संदेशों पर विशेष जोर दिया गया।

विशेषज्ञों ने दिए महत्वपूर्ण संदेश
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ पोषण पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने फास्ट फूड से दूरी बनाने और उसके दुष्प्रभावों से बच्चों को बचाने की अपील की।

वहीं नर्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष के.सी. सोनी ने संतुलित आहार और तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान पर प्रकाश डालते हुए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से तंबाकू से दूर रहने और केन्द्रों पर “तंबाकू निषेध” बोर्ड लगाने का आग्रह किया।

बाल विकास अधिकारी ज्योति प्रकाश अरोड़ा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार और समाज के बीच मजबूत कड़ी हैं, जो कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता स्वास्थ्य और पोषण सलाहकार के रूप में समाज में परिवर्तन की धुरी हैं।

गोद भराई कार्यक्रम बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म अदा की गई, जिसमें सीडीपीओ सुरभि चौहान ने चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया और उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास राजेश कुमार ने पारंपरिक विधि से रस्म निभाई। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मंगल गीत गाकर शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में रहे ये उपस्थित
इस अवसर पर उपनिदेशक राजेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित, बाल विकास अधिकारी ज्योति प्रकाश अरोड़ा, समाज कल्याण अधिकारी चंद्रशेखर, प्रशासनिक अधिकारी हंसराज पवार, नर्सिंग एसोसिएशन अध्यक्ष के.सी. सोनी, सीडीपीओ सुरभि चौहान, प्रकाश चंद, आलोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button