पाली : किसानों को धनतेरस पर मिला तोहफा, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की चतुर्थ किश्त जारी

पाली : राज्य सरकार द्वारा किसानों के उत्थान की दिशा में चल रही मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत चतुर्थ किश्त हस्तांतरण कार्यक्रम शनिवार को भरतपुर के नदबई से राज्य स्तर पर आयोजित किया गया, जिसका सीधा प्रसारण पाली जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद सभागार में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत राज्य के हजारों किसानों को डीबीटी के माध्यम से चतुर्थ किश्त का लाभ प्रदान किया गया है — जो धनतेरस पर किसानों के लिए सरकार की ओर से एक विशेष तोहफा है।

मंत्री कुमावत ने इस दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना, गोपालक क्रेडिट कार्ड योजना, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, मोबाइल वेटनरी सेवा और डेयरी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनसे अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है, जिनमें नामांतरण, शुद्धिकरण और पट्टा वितरण जैसे कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक भीमराज भाटी, जिला प्रमुख मोहनी देवी, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, जनप्रतिनिधि सुनील भण्डारी, पुखराज पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



