पाली-जोधपुर हाईवे पर भीषण हादसा: टायर फटने से कार पलटी, 3 साल के बच्चे समेत दो की मौत, सात घायल

पाली : जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 3 साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के सात सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पाली-जोधपुर नेशनल हाईवे-62 पर रोहट के लालकी मोड़ के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ईको कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर तीन बार पलट गया और पास के खेत की बाड़ में जा घुसा। हादसे में मित्राज सिंह (18) और विश्वराज (3) की मौके पर ही मौत हो गई।

रोहट थाना प्रभारी पाना चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोग आबूरोड, गांधीनगर और मेहसाणा (गुजरात) के एक ही परिवार के सदस्य हैं। वे जैसलमेर-बाड़मेर की यात्रा से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई रिड़मल विश्नोई की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में मातम छा गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे।



