दीपावली पर बहन को छोड़ घर लौट रहे भाई की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा

पाली : जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहनलाल पुत्र केसाराम प्रजापत (निवासी नया गांव, कोट सोलंकियान) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मोहनलाल शुक्रवार शाम अपनी बहन पानी देवी और जीजा प्रभुराम को खिंवाड़ा गांव छोड़ने के बाद घर लौट रहे थे, तभी नया गांव और पनोता के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में मोहनलाल के सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खिंवाड़ा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



