google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

राजपुरोहित महिला महासभा ने बेटियों की सुरक्षा व समाज सुधार के लिए राष्ट्रव्यापी महाअभियान की घोषणा

पाली : राजपुरोहित समाज में बेटियों के साथ हो रहे अत्याचारों और बढ़ते सामाजिक पतन के विरोध में राजस्थान प्रदेश राजपुरोहित महिला महासभा ने अब मोर्चा खोल दिया है। समाज में व्याप्त कुरीतियों, दहेज प्रथा, और बेटियों के अनवरत हो रहे “नर संहार” को रोकने के लिए महासभा ने राष्ट्रव्यापी सुरक्षात्मक और सुधारात्मक महाअभियान चलाने की घोषणा की है।

महिला महासभा की मुख्य संरक्षक लाल कंवर राजपुरोहित (पाली) ने समाज में व्याप्त गंभीर समस्याओं पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि “अब महिलाओं को अपनी सुरक्षा और सम्मान के लिए स्वयं संघर्ष करना होगा। समाज के जिम्मेदार लोगों की चुप्पी ने निर्दोष बच्चियों को असुरक्षा के अंधकार में धकेल दिया है।” उन्होंने कहा कि गलत फैसलों और स्वार्थी मानसिकता के कारण समाज रसातल में जा चुका है और अब सुधार की बागडोर महिलाओं को अपने हाथ में लेनी होगी।

लाल कंवर राजपुरोहित ने कहा कि समाज में दहेज प्रथा, लोभी परिवारों की मानसिकता, बालिकाओं के विलंबित विवाह, घर छोड़ने की प्रवृत्ति, अंतर-विवाह और परित्यक्ताओं की बढ़ती संख्या जैसे मुद्दे गंभीर सामाजिक संकट बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि “महिलाओं के सम्मान और अस्तित्व की रक्षा के लिए एकजुट आंदोलन की जरूरत है।”

महिला महासभा ने निर्णय लिया है कि जल्द ही पाली में महिला पदाधिकारियों की विशेष बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें राष्ट्रव्यापी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर ठोस कदम तय किए जाएंगे।

महासभा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रानी की उप प्रधान श्रीमती शीला सिंह निंबाड़ा ने कहा कि “अब हमारे समाज की दुर्दशा पर अन्य समाज भी चिंता जता रहे हैं। जब तक सुधार नहीं होगा, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।”
पाली जिला अध्यक्ष शोभा राजपुरोहित (बोया) ने कहा कि पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं की पीड़ा को समझने वाला कोई नहीं है। “अब समय आ गया है कि महिलाएं खुद अपने सम्मान की रक्षा के लिए आगे आएं,” उन्होंने कहा।

महिला महासभा की नाडोल सरपंच फूल कंवर, सुनीता कंवर, कंचन कंवर (जयपुर), ममता कंवर (सोजत), कमला कंवर (जोधपुर), सरोज कंवर (बालोतरा), देचू कंवर (बाड़मेर), जयश्री कंवर (आहोर), दलसा कंवर (थांवला), विमला कंवर (कुंवारड़ा), ललिता कंवर (पाली), सुनीता कंवर (बरना), गीता कंवर (नाडोल), जयश्री कंवर (सुमेरपुर), कविता कंवर (बाली), शोभा कंवर (ढालोप), प्रमिला कंवर (सिंदरली) सहित अनेक महिला पदाधिकारियों ने समाज में सुधार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

राजस्थान प्रदेश राजपुरोहित महिला महासभा का यह अभियान समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान, और समानता की नई चेतना जगाने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है। महासभा ने स्पष्ट किया कि अब “बेटियों के अस्तित्व और समाज के सुधार” के लिए यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button