हुतात्मा दिवस पर बजरंग दल का सेवा संकल्प, 2 नवंबर को स्टेशन प्रखंड में होगा रक्तदान शिविर

पाली : विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा हुतात्मा दिवस के उपलक्ष में 2 नवंबर को शहर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर स्टेशन प्रखंड पाली के तत्वावधान में महादेव बगीची, राजेंद्र नगर में प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा।
जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि “बजरंग दल हर वर्ष 2 नवंबर को हुतात्मा दिवस के अवसर पर उन कारसेवकों की स्मृति में रक्तदान करता है, जिन्होंने राष्ट्र और समाज के लिए अपना बलिदान दिया।” उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त करता है।

रक्तदान शिविर की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। स्टेशन प्रखंड संयोजक परमेश्वर शर्मा, बाबू दास वैष्णव, दलपत सिंह भाटी, अजय वैष्णव, सज्जन सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान न केवल जीवन बचाने का सर्वोच्च कार्य है, बल्कि यह समाज में एकता और मानवीयता का प्रतीक भी है। संगठन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस शिविर में भाग लेकर “रक्तदान — महादान” की भावना को साकार करने का आह्वान किया है।



